मथुरा: मथुरा-वृंदावन की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा और श्री परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम से जुड़े बाहरी शिष्यों की गतिविधियों, वित्तीय लेन-देन और आश्रम की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आश्रम से संबंधित विभिन्न मामलों की बिंदुवार जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि वृंदावन स्थित केली कुंज और नए आश्रम की व्यवस्थाओं से जुड़े कुछ बाहरी शिष्यों की गतिविधियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
रामगोपाल शर्मा और पंडित संजय हरियाणा ने दावा किया कि आश्रम में रहने वाले शिष्यों और शिष्याओं का कथित तौर पर कोई आधिकारिक रजिस्टर नहीं रखा जा रहा है और उनके परिजनों को भी आवश्यक जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने खादर क्षेत्र की गौचारण भूमि की बिक्री के आरोप, आम लोगों और परिजनों के साथ कथित मारपीट तथा एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का भी उल्लेख किया। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
नेताओं ने संत प्रेमानंद जी महाराज के नाम पर जुटाए जा रहे धन और वाहनों के काफिले को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि महाराज स्वयं दान स्वीकार नहीं करते हैं तो उनके नाम पर कथित रूप से जुटाई जा रही धनराशि और संपत्ति के स्रोत की जांच की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने महाराज के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि गंभीर बीमारी के बावजूद उन्हें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ले जाया गया, जिसकी भी जांच आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनकर सभी बिंदुओं पर उचित और निष्पक्ष जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मथुरा-वृंदावन की धार्मिक गरिमा और छवि बनाए रखने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई। इस दौरान अजय शर्मा, आशीष शर्मा, केके शर्मा, लब्बू पंडित, राज शर्मा, हरीश शर्मा और अभिषेक शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







