Home बिहार मुजफ्फरपुर में NEET परीक्षा केंद्रों से दो ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, दो जिलों...

मुजफ्फरपुर में NEET परीक्षा केंद्रों से दो ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, दो जिलों से जुड़े तार

109
0
मुजफ्फरपुर में NEET परीक्षा केंद्रों से दो ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, दो जिलों से जुड़े तार

बिहार में NEET-UG परीक्षा के दौरान एक बार फिर सॉल्वर गैंग की सक्रियता सामने आई है। नालंदा जिले के पावापुरी में पुलिस ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही गैंग के तीन संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से मिले एडमिट कार्ड ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया, जिसके बाद जांच की कड़ी मुजफ्फरपुर तक पहुंची। रविवार को मुजफ्फरपुर में 15 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को सूचना मिली कि पावापुरी में पकड़े गए आरोपियों के पास दो अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड मौजूद हैं, जो मुजफ्फरपुर के जिला स्कूल और मुखर्जी सेमिनरी परीक्षा केंद्र से जुड़े हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और दोनों केंद्रों पर सख्त जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जिला स्कूल केंद्र से पूर्वी चंपारण निवासी और मुखर्जी सेमिनरी केंद्र से नालंदा निवासी अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया। एक अभ्यर्थी के नाम की स्पेलिंग में अंतर मिलने के बाद संदेह और गहरा गया। सूचना पर पहुंची मिठनपुरा थाना पुलिस दोनों को थाने ले आई, जहां उनसे देर रात तक पूछताछ की गई। इस बीच नालंदा से आई विशेष टीम ने भी दोनों अभ्यर्थियों से गहन पूछताछ की। हालांकि, मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में फिलहाल कोई ठोस आपत्तिजनक साक्ष्य नहीं मिला है और न ही इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। यह जांच की जा रही है कि आखिर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड सॉल्वर गैंग तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

GNSU Admission Open 2026