Home बिहार बारात से लौटते ही इकलौते बेटे की मौत, परिवार पर टूटा दुख...

बारात से लौटते ही इकलौते बेटे की मौत, परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

164
0
The only son died upon returning from the wedding procession, leaving the family in deep grief.

नालंदा: नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नीरपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक दुखद घटना घटी, जिसने शादी वाले घर के उल्लास को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया। अपनी चचेरी बहन की शादी की तैयारियों में हाथ बंटा रहे 16 वर्षीय किशोर अंकुश कुमार की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक गांव निवासी धर्मेंद्र मिस्त्री का पुत्र था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंकुश के घर में चचेरी बहन की शादी का उत्सव था और वह मंगलवार की रात टेंट के टेबल लगाने समेत अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त था।

इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित खेत की ओर शौच के लिए गया था। बताया जाता है कि जंगली जानवरों से फसल की रक्षा करने के लिए खेत के चारों ओर अवैध रूप से नंगे तार बिछाकर उनमें बिजली प्रवाहित की गई थी। अंधेरे में अंकुश का पैर इन तारों के संपर्क में आ गया और वह बुरी तरह झुलस गया। साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने आनन-फानन में अंकुश को गंभीर स्थिति में जुआफर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

मृतक के भाई पंकज और पिता धर्मेंद्र मिस्त्री ने बताया कि मकई के खेत में सुरक्षा के नाम पर बिछाए गए मौत के जाल ने उनके मासूम की जान ले ली। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध तारबंदी पहले भी छोटी-मोटी घटनाओं का कारण बनती रही है, लेकिन इस बार इसने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर लिया है और संबंधित थाना क्षेत्र को मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।