झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी अगलगी की घटना सामने आई, जिसने एक परिवार को बेघर कर दिया। बताया जा रहा है कि मामूली लापरवाही के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक घर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, बलियारी पंचायत निवासी गुलाबचंद साहू अपने घर के पास जमा कचरे को जलाकर साफ कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्मी और हवा के कारण आग अचानक फैल गई और पास में स्थित उनके भाई मोती साहू के घर तक पहुंच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा घर जलने लगा। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता के कारण आग आसपास के अन्य घरों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि, इस घटना में मोती साहू का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और नकदी समेत सभी जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।







