सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित गोढा गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में तिलक की रस्म की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक हिंसा भड़क उठी। इस घटना में मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके सगे भाई रितेश ठाकुर और चचेरे भाई मुकेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों के साथ किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें तीनों लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही रात करीब साढ़े 11 बजे राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि 25 अप्रैल को तिलक और 28 अप्रैल को बारात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जहां से बारात निकलनी थी, वहां अब शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सारण के एसएसपी विनीत कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।







