पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करेंगे।
बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने वैभव को कप्तान बनाए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता से प्रभावित किया है। कप्तानी की जिम्मेदारी उनके क्रिकेट करियर के साथ नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करने का अवसर देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव के नेतृत्व में बिहार की टीम अनुशासित और प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन करेगी।
टीम का चयन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने खिलाड़ियों के ट्रायल और पिछले प्रदर्शन का आकलन करने के बाद किया है। चयन प्रक्रिया के तहत आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों की क्षमता और प्रदर्शन की समीक्षा की गई। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय बैठक में मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सारथ ने टेलीफोन के माध्यम से हिस्सा लिया।
17 सदस्यीय टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उप-कप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह शामिल हैं।
मंगल माहौर और शाकिब हुसैन की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। पहले दो मुकाबलों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन कर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा 16 खिलाड़ियों को स्टैंडबाय सूची में रखा गया है।
बिहार की टीम इंदौर में अपने शुरुआती दो मुकाबलों के साथ टूर्नामेंट में अभियान शुरू करेगी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान रणजी ट्रॉफी टीम से जुड़ा सहयोगी स्टाफ खिलाड़ियों के साथ रहेगा। चयन समिति के अध्यक्ष और सदस्य भी इंदौर पहुंचकर टीम के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे।







