समस्तीपुर। जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करेह नदी में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। यह घटना बोरज गांव स्थित बरियाही घाट पुल के पास की है, जहां सुबह के समय ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग नदी किनारे शौच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कई दिनों से पानी में पड़ा हुआ था। युवक ने जींस और टी-शर्ट पहन रखी थी, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शव के शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी देखे गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है, साथ ही गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।







