Home राष्ट्रीय कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर में रूट डायवर्जन लागू, आज रात से...

कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर में रूट डायवर्जन लागू, आज रात से बदलेगी यातायात व्यवस्था

3
0
Route diversion implemented in Saharanpur for Kanwar Yatra, traffic arrangements to change from tonight

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर में व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू कर दी है। यह व्यवस्था 29-30 जुलाई की मध्यरात्रि से प्रभावी होगी। पुलिस अधीक्षक (यातायात) शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रूट डायवर्जन दो चरणों में लागू किया जाएगा। प्रथम चरण 29-30 जुलाई की मध्यरात्रि से शुरू होकर 4-5 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।


उन्होंने बताया कि इस अवधि में सभी भारी एवं मध्यम वाहन प्रतिदिन रात्रि 12 बजे से प्रातः 3 बजे तक बाईपास मार्ग से संचालित होंगे। ये वाहन चुन्हेटी कट से प्रवेश कर हसनपुर चौक, दीवानी तिराहा, विश्वकर्मा चौक और आंबेडकर चौक होते हुए लिंक रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले वाहनों को आंबेडकर चौक से लिंक रोड, भारत माता चौक और माहीपुरा चौक होकर जाने की अनुमति होगी।

GNSU Admission Open 2026


एसपी (यातायात) ने बताया कि मुख्य कांवड़ मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मार्ग के एक हिस्से से केवल कांवड़ियों का आवागमन होगा, जबकि दूसरे हिस्से से हल्के वाहनों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काली नदी से गागलहेड़ी तिराहा, देहरादून चौक, घंटाघर चौक होते हुए अंबाला रोड सरसावा बाईपास तक के मुख्य कांवड़ मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, जैसे दूध, गैस, पेट्रोलियम टैंकर, ऑक्सीजन सिलेंडर वाहन, एम्बुलेंस तथा नगर निगम, विद्युत और दूरसंचार विभाग के वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। मंडी समिति आने-जाने वाले फल, सब्जी एवं अन्य खाद्य सामग्री से जुड़े वाहन बाईपास, सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक और चिलकाना मार्ग से मंडी तक पहुंच सकेंगे। इन वाहनों पर भी कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।


यातायात पुलिस के अनुसार, जिन वाहनों को कांवड़ मार्ग के एक ओर से दूसरी ओर जाना होगा, उन्हें केवल आंबेडकर चौक, घंटाघर चौक और दर्पण तिराहा से ही कांवड़ मार्ग पार करने की अनुमति होगी। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने तथा यात्रा के दौरान यातायात पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।