चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं 30 जुलाई से तीन अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। औसत न्यूनतम तापमान भी 0.5 डिग्री सेल्सियस घटा है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।
पिछले 24 घंटों में रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 81.5 मिमी और पठानकोट के थीन डैम में 77.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चंडीगढ़ में सुबह तक एयरपोर्ट पर दो मिमी और शहर में 1.7 मिमी बारिश हुई। इसके बाद शाम तक एयरपोर्ट क्षेत्र में 58 मिमी और शहर में 45.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मोहाली में 28.5 मिमी, बठिंडा में 20 मिमी, केवीके पठानकोट में 27 मिमी, भाखड़ा डैम में 34 मिमी, बलोवाल सौंखड़ी में 15.2 मिमी और लुधियाना में 13.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने भारी बारिश और बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी देते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।







