मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का दावा है कि पिछले तीन वर्षों में शादी के लिए उसका रिश्ता 10 से अधिक बार टूट चुका था। उनका कहना है कि कई परिवारों ने युवती का सांवला रंग देखकर रिश्ता ठुकरा दिया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी। पूरा मामला जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव का है। मृतका की पहचान पीतांबर कुमार की पुत्री अंशु कुमारी (22) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से अंशु की शादी के लिए लगातार वर की तलाश की जा रही थी। इस दौरान 10 से अधिक परिवार उसे देखने आए, लेकिन हर बार उसका रिश्ता टूट गया। परिजनों का आरोप है कि अधिकतर लोगों ने उसके सांवले रंग को कारण बताते हुए रिश्ता ठुकरा दिया। लगातार रिश्ते टूटने के कारण अंशु मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगी थी। उसे लगने लगा था कि उसके रंग की वजह से उसकी शादी कभी नहीं हो पाएगी। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले अंशु को बताया गया था कि एक और परिवार उसे देखने आने वाला है। यह बात सुनकर वह काफी घबरा गई थी। उसे डर था कि कहीं इस बार भी रिश्ता न टूट जाए।
इसी तनाव में वह रात को बिना खाना खाए अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। अंशु का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ईस्ट आलोक वत्स ने बताया कि युवती के आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।







