जहानाबाद: बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने अपनी समृद्धि यात्रा के तहत जहानाबाद जिले का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की और कई नई परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से पहले की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों के लिए बनाए गए सिलाई प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां संचालित गतिविधियों और स्कूली ड्रेस निर्माण कार्य की जानकारी ली। जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए।इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की, जिसमें एनएच-110 से एसएस कॉलेज तक सड़क निर्माण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नहर प्रणाली और प्रखंड-अंचल कार्यालय भवन निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और योजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 70 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और 182 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही, 9066 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 145 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत उद्यमियों को भी 1.82 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के लाभुकों को भी सहायता राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







