नयी दिल्ली: राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया जब बजट सत्र से कुछ घंटे पहले दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक मेल पर आया, जबकि दूसरा ईमेल 7:49 बजे सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के इनबॉक्स में प्राप्त हुआ। दोनों ईमेल में साफ तौर पर विधानसभा भवन को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे विधानसभा परिसर की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने भवन के अंदर और आसपास गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी अलर्ट पर रखा गया, क्योंकि धमकी भरे ईमेल में वहां विस्फोट की आशंका जताई गई थी।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को विधानसभा में बजट पेश करना था। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करते हुए सभी प्रवेश द्वारों पर जांच बढ़ा दी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि धमकी भरे ईमेल में देश के कई शीर्ष नेताओं के नाम भी शामिल थे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एलजी तरनजीत संधू, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नाम शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।







