धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र की छुही बीट में एक दंतैल हाथी के विचरण को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। वन अमला हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
वन विभाग के अनुसार, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। उसके जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी-केरेगांव रेंज की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ाई गई है।
बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा के ग्रामीणों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीमें पीपरछेड़ी, कमारपारा और हाथी के संभावित विचरण वाले क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
गांवों में मुनादी कर लोगों से हाथी के करीब नहीं जाने और उसे किसी भी तरह परेशान नहीं करने की अपील की जा रही है। वन विभाग ने हाथी दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देने को कहा है।
बताया गया है कि दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव वन परिक्षेत्र में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग उसकी लोकेशन और मूवमेंट पर लगातार नजर रख रहा है।







