
बिक्रमगंज: रोहतास जिले के बिक्रमगंज स्थित डुमरांव रोड इलाके में देर रात सियार के हमले से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सियार ने एक के बाद एक कई लोगों को निशाना बनाया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन सक्रिय हुआ। अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को सियार के हमले में घायल लोगों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक अन्य घायल के उपचार की स्थिति जानने के लिए एसडीएम करुणा अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायल की हालत और चल रहे इलाज की जानकारी ली।
घटना के बाद डुमरांव रोड और आसपास के इलाकों में लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुनसान इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।
लोगों को किसी भी जंगली या आक्रामक जानवर के दिखाई देने पर उसके पास नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक टीम मामले पर नजर बनाए हुए है और सियार की गतिविधियों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।






