सासाराम: महान अभियंता और भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर सासाराम में 59वें अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोहतास डीएम दीपक कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न विभागों के अभियंताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉ. एम. विश्वेश्वरैया के योगदान को याद किया और कहा कि सीमित संसाधनों के दौर में भी उन्होंने अपने अभियंत्रण कौशल से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डीएम ने कहा कि सड़क, पुल, भवन और विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी अभियंताओं से पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और गुणवत्ता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।







