सासाराम: सासाराम मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने पोस्ट ऑफिस चौराहा पर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, तिलौथू निवासी अमरजीत यादव को शराब से जुड़े एक मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे सासाराम मंडल कारा भेजा गया। जेल में तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया, जहां कैदी वार्ड में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कैदी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और पोस्ट ऑफिस चौराहा पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान भीम आर्मी समेत अन्य संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम के कारण मौके पर यातायात बाधित रहा और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







