बिहारशरीफ। नालंदा के बिहारशरीफ प्रखंड के चकरसलपुर गांव में 56 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र 2026-27 बुधवार से शुरू होगा। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खां दोपहर बाद चार बजे विद्यालय का उद्घाटन कर शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय योजना के तहत इस विद्यालय की स्वीकृति वर्ष 2018-19 में मिली थी। देवीसराय मौजा स्थित चकरसलपुर में तीन एकड़ जमीन पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम ने इसका निर्माण कराया है। विद्यालय को झारखंड के नेतरहाट स्कूल की तर्ज पर विकसित किया गया है। यहां 560 विद्यार्थी एक साथ रहकर पढ़ाई कर सकेंगे। इनमें 280 सीटें छात्राओं और 280 सीटें छात्रों के लिए निर्धारित हैं। कुल सीटों में 75 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं।
नौवीं और 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद राज्यस्तरीय प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के परिणाम के आधार पर मेधा सूची से चयनित विद्यार्थियों को अब विद्यालय में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदाय के विद्यार्थी इसमें प्रवेश के पात्र थे।
विद्यालय में विद्यार्थियों के रहने, भोजन, कपड़े, किताबें, दैनिक उपयोग की सामग्री और इलाज की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध होगी। परिसर में आधुनिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कॉमन रूम, खेलकूद और मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। 11वीं में विज्ञान और कला संकाय की पढ़ाई होगी। मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था भी रहेगी।
विद्यालय के संचालन के लिए प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षक, छात्रावास प्रबंधक, पुस्तकालयाध्यक्ष, लिपिक और प्रयोगशाला सहायकों समेत कुल 40 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद स्वीकृत किए गए हैं।







