पटना: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वह राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी बिहार पहुंचा है। शिवराज सिंह चौहान हेलीकॉप्टर से दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद हाजीपुर के तेरसिया और सारायपुर पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित खेतों और फसल क्षति का जायजा लेंगे। इस दौरान वह किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य और प्रभावित किसानों को दी जा रही सहायता की समीक्षा की जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान मुंगेर के नवाबगढ़ी स्थित राहत शिविर का भी निरीक्षण करेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेंगे। इसके बाद भागलपुर के नवगछिया स्थित कोजिकारैया तटबंध का निरीक्षण करेंगे तथा भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज के राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
केंद्रीय मंत्री भागलपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन फिर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों और प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लेंगे।







