सासाराम में आरक्षण और अधिकारों को लेकर प्रदर्शन
Protest in Sasaram over reservation and rights.

सासाराम। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर सासाराम में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

GNSU Admission Open 2026

प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सजाद हुसैन और भीम आर्मी के सासाराम नगर अध्यक्ष रोहित पासवान ने किया। नेताओं ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘संपूर्ण भागीदारी महाआंदोलन’ आयोजित किया जाना था, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संविधान से मिले आरक्षण और अधिकारों में किसी भी तरह के बदलाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी और आरक्षण देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा और 1799 दरोगा बहाली से जुड़े विवादों का समाधान करने, हिरासत में लिए गए छात्रों को रिहा करने तथा सफाई कर्मियों के नियमितीकरण की मांग की।

इसके अलावा मैनपावर कर्मियों को ठेकेदारी व्यवस्था से हटाकर संबंधित विभागों में सीधे समायोजित करने और बेरोजगारी दूर करने की मांग भी रखी गई।

पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान विभिन्न मांगों की ओर आकर्षित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों, युवाओं और सफाई कर्मियों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।