
किचन डेस्क: दीपावली पर मिठाइयों की थाली में अगर कुछ नया और अनोखा शामिल करना चाहते हैं, तो इस बार पारंपरिक मिठाइयों से हटकर गुलकंद स्टफ्ड चॉकलेट मोदक बनाकर देखिए। चॉकलेट की रिचनेस, गुलकंद की खुशबू और ड्राई फ्रूट्स का क्रंच इस मिठाई को खास बनाता है। इसकी खूबसूरत मोदक जैसी बनावट इसे त्योहार की मिठाई के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाती है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
जरूरी सामग्री:
- 200 ग्राम डार्क या मिल्क चॉकलेट
- 100 ग्राम मावा
- 3 बड़े चम्मच गुलकंद
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे बादाम और पिस्ता
- 1 बड़ा चम्मच नारियल का बुरादा
- आधा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटा चम्मच घी
- मोदक बनाने वाला सिलिकॉन या सामान्य सांचा
बनाने की विधि:
सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें और उसमें मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें। मावा ठंडा होने के बाद उसमें गुलकंद, कटे हुए बादाम-पिस्ता, नारियल का बुरादा और इलायची पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण से छोटी-छोटी भरावन की गोलियां तैयार कर लें।
अब चॉकलेट को छोटे टुकड़ों में काटकर डबल बॉयलर की मदद से पिघला लें। ध्यान रखें कि चॉकलेट में पानी की एक बूंद भी न जाने पाए। मोदक के सांचे के अंदर पिघली हुई चॉकलेट की पतली परत लगाएं और इसे कुछ मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि परत जम जाए।
इसके बाद सांचे में गुलकंद और मावे की तैयार भरावन रखें। ऊपर से दोबारा पिघली हुई चॉकलेट डालकर मोदक को अच्छी तरह बंद कर दें। सांचे को लगभग 20-30 मिनट के लिए फ्रिज में रखें। चॉकलेट पूरी तरह जमने पर सावधानी से मोदक बाहर निकाल लें।
परोसने का खास अंदाज:
तैयार मोदक को पिस्ता, गुलाब की सूखी पंखुड़ियों और हल्के चॉकलेट डस्ट से सजाएं। इन्हें सुंदर मिठाई के डिब्बे में रखकर मेहमानों को परोस सकते हैं। इस दिवाली घर पर बनी यह अनोखी मिठाई बच्चों और बड़ों, दोनों को खूब पसंद आएगी।






