करवा चौथ पर बनाएं स्वादिष्ट दूध फेनी, जानें आसान रेसिपी
Make delicious Doodh Feni for Karwa Chauth; here’s an easy recipe.

करवा चौथ का त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ खास पकवानों और मिठाइयों के लिए भी जाना जाता है। इस अवसर पर अगर आप घर पर कुछ मीठा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो दूध फेनी एक बेहतरीन विकल्प है। कुरकुरी फेनी को केसर, इलायची और मेवों से तैयार मलाईदार दूध के साथ परोसा जाता है। उत्तर भारत में यह मिठाई खास तौर पर त्योहारों और पारंपरिक अवसरों पर पसंद की जाती है। इसकी खास बात यह है कि इसे कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है।

दूध फेनी बनाने के लिए सामग्री

दो से तीन लोगों के लिए आपको इन सामग्रियों की जरूरत होगी:

GNSU Admission Open 2026
  • सूखी फेनी – 100 ग्राम या आवश्यकतानुसार
  • फुल क्रीम दूध – 2 कप
  • मिल्क पाउडर – 2 बड़े चम्मच
  • बादाम – 10 से 12
  • काजू – 10 से 12
  • पिस्ता – 5 से 6
  • चीनी – 3 बड़े चम्मच या स्वादानुसार
  • केसर – 12 से 15 धागे
  • इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • केसर भिगोने के लिए दूध – 1 बड़ा चम्मच
  • मेवे भिगोने के लिए पानी – आवश्यकतानुसार
  • सूखी गुलाब की पंखुड़ियां – सजावट के लिए

दूध फेनी बनाने की आसान विधि

पहला चरण: मेवे और केसर तैयार करें

सबसे पहले बादाम और काजू को अलग-अलग बर्तनों में पानी डालकर भिगो दें। बादाम के छिलके उतार लें। इसके बाद केसर के धागों को एक बड़े चम्मच गुनगुने दूध में भिगोकर रख दें, ताकि उसका रंग और खुशबू अच्छी तरह निकल आए।

दूसरा चरण: मेवों का पेस्ट बनाएं

भीगे हुए बादाम और काजू को थोड़े पानी के साथ मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। ध्यान रखें कि पेस्ट में मेवों के बड़े टुकड़े न रहें, ताकि दूध की बनावट मुलायम और मलाईदार बने।

तीसरा चरण: केसर वाला दूध तैयार करें

एक पैन में फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। इसमें मिल्क पाउडर और भीगा हुआ केसर मिलाएं। दूध में उबाल आने पर मेवों का पेस्ट डालें और लगातार चलाते हुए 10 से 12 मिनट तक पकाएं। अब इलायची पाउडर, चीनी और कटे हुए बादाम-पिस्ता डालकर कुछ मिनट और पकाएं। दूध गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें।

चौथा चरण: फेनी को दूध के साथ परोसें

एक सर्विंग प्लेट या कटोरे में सूखी फेनी रखें। इसके ऊपर गर्म केसर वाला दूध डालें और लगभग 3 से 5 मिनट तक रहने दें, ताकि फेनी नरम हो जाए। ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर सजाएं। इसे गर्म या ठंडा, अपनी पसंद के अनुसार परोसें।

दूध फेनी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • फेनी को दूध में बहुत देर तक न भिगोएं, वरना वह जरूरत से ज्यादा नरम हो सकती है।
  • मलाईदार स्वाद के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें।
  • दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह बर्तन की तली में न लगे।
  • चीनी अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा रखें।

इस करवा चौथ पर घर पर बनी केसरिया दूध फेनी से अपने त्योहार की मिठास बढ़ाएं और परिवार के साथ इस पारंपरिक मिठाई का आनंद लें।