खगड़िया: खगड़िया में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा पसराहा थाना क्षेत्र के देवठा के पास NH-31 पर हुआ, जहां खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, ट्रक (WB 65J 5675) का ब्रेक अचानक खराब हो गया था। इसके बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उपचालक के साथ मिलकर ब्रेक की जांच कर रहा था।
इसी दौरान नवगछिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शी, बेगूसराय निवासी बस चालक अजय सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ओवरटेक करने के प्रयास में था और नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे हादसे की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के बाद NH-31 पर लंबा जाम लग गया, जिससे कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम भी मौके पर पहुंची और हाइड्रोलिक रिकवरी वैन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम जारी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने की कोशिश जारी है।







