
गयाजी: गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। ट्रेन में सफर कर रही एक युवती को कथित तौर पर चेन पुलिंग कर जबरन नीचे उतार लिया गया और सुनसान इलाके में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुई इस वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले की रहने वाली युवती अपने ननिहाल बेलागंज आ रही थी। वह गया-पटना रेलखंड पर चलने वाली ट्रेन से सफर कर रही थी। इसी दौरान बेला और चाकंद स्टेशन के बीच कुछ अज्ञात युवकों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया।
आरोप है कि ट्रेन रुकते ही बदमाश युवती को जबरन नीचे उतारकर सुनसान इलाके की ओर ले गए। वहां अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद किसी तरह पीड़िता परिजनों और पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। सूचना मिलते ही बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन में चेन पुलिंग किसने की और वारदात में कौन-कौन शामिल थे। शनिवार को पीड़िता के बयान के आधार पर बेलागंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है।
साथ ही घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने पहले से सुनसान इलाके को वारदात के लिए चुना था। विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना बेहद गंभीर है और पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद बेलागंज और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी आक्रोश है। रेल यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि चलती ट्रेन में चेन पुलिंग कर इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक है।






