
दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। असम में 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। पीआर श्रीजेश ने मतदान करने के बाद अपने परिवार के साथ फोटो शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, मेरा वोट, मेरी आवाज, मेरी जिम्मेदारी। मैंने तो कर दिया, क्या आपने किया? असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मी बोरठाकुर ने दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 पर पहुंचकर अपना वोट डाला। कल ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद गरिमा सैकिया गर्ग मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, ‘मैं शारीरिक रूप से अस्वस्थ हूं, लेकिन फिर भी वोट डालने आई हूं क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। पहले मैं जुबीन के साथ वोट डालने आती थी।’ जुबीन गर्ग के लिए न्याय की मांग पर उन्होंने कहा, ‘हम इसके लिए लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कोई परिणाम निकलेगा।’
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यहां भाजपा का कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहां विधानसभा में भाजपा शून्य सीट वाली पार्टी है। उनका नाम लेना भी उनके लिए एक बड़ी तारीफ होगी।’ थरूर ने आगे कहा, केरल में असली चुनावी मुकाबला सत्ताधारी LDF सरकार और चुनौती दे रहे UDF गठबंधन के बीच है।






