पटना: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मारपीट और लूट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) के ठेकेदार पंकज कुमार के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई और उनसे लाखों रुपये की लूट का आरोप सामने आया है।पीड़ित पंकज कुमार, जो दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 25 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) दानापुर कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान गेट पर पहले से मौजूद एक अन्य ठेकेदार राजू यादव और उसके साथ करीब 10 अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर उन्हें जबरन बाहर खींचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।पंकज कुमार के अनुसार, हमलावरों ने उनके बैग से करीब 4.10 लाख रुपये नकद, 2.23 लाख रुपये से अधिक की एफडी से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात छीन लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनसे जबरन लेटर पैड पर हस्ताक्षर करवाए और ठेका वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि पूरी घटना कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
घटना के बाद पीड़ित ने दानापुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।दिनदहाड़े सरकारी संस्थान के बाहर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है, जबकि स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।







