पटना: पिछले 12 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी कर दी गई है। देशभर में सोमवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि कर दी है। अब राजधानी पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये और डीजल 99.87 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे, 19 मई को पेट्रोल-डीजल में 90 पैसे और 15 मई को तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, कमजोर होता रुपया और आयात लागत बढ़ने की वजह से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा रिफाइनिंग मार्जिन में बदलाव का असर भी ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है। लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखने के बाद अब सरकारी तेल कंपनियां धीरे-धीरे बढ़ी हुई लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं। यही वजह है कि 12 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल करीब पांच रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। इधर, लगातार पेट्रो उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के कारण बिहार में आज से दूध के दाम भी बढ़ गए हैं।
बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने भी दूध की कीमतों को बढ़ाने का फैसला लिया है। सुधा ब्रांड के दूध और उससे बने उत्पादों की कीमतों में दो से तीन रुपए तक की बढ़ा दी है। आज यह सुधा दूध की यह नई दरें पूरे बिहार में लागू हो गया है। प्रबंधन के मुताबिक, इस फैसले के पीछे कई बड़े कारण शामिल हैं। हाल के दिनों में पशुपालकों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की लागत में दो रुपये से लेकर 3.13 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है। इसके अलावा सुधा के पनीर, पेड़े, मक्खन, गुलाबजामुन और रसगुल्ले की कीमतों में भी वृद्धि कर दी गई है।







