Home बिहार मुजफ्फरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, लाखों का नुकसान

मुजफ्फरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, लाखों का नुकसान

13
0
Massive fire in Muzaffarpur industrial area; losses worth lakhs.

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के बेला इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, कच्चा माल और कई महत्वपूर्ण मशीनें जलकर राख हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित श्री कृष्णा फैक्ट्री में सबसे पहले धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावह स्थिति को देखकर वहां कार्यरत मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया।

GNSU Admission Open 2026

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन और अग्निशमन विभाग की ओर से आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा कीमती सामान और मशीनों को सुरक्षित निकालने का मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दो बड़े दमकल वाहनों को लगाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने के कारण आग को आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया।

फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद बेला औद्योगिक क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।