मां ताराचंडी मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा, गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा
Major road accident near Maa Tarachandi Temple; trailer truck loaded with stone aggregate overturns

सासाराम (रोहतास): रोहतास जिले के धौडाड़ थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध मां ताराचंडी मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। गिट्टी से लदा 18 चक्का ट्रेलर हाइवा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे 22 चक्का ट्रक से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रेलर का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक बाल-बाल बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिट्टी लादकर जा रहे 18 चक्का ट्रेलर हाइवा का चालक वाहन तेज रफ्तार में चला रहा था। इसी दौरान उसे अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित ट्रेलर आगे चल रहे 22 चक्का ट्रक से पीछे की ओर जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर संतुलन खो बैठा और सड़क पर ही पलट गया। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

GNSU Admission Open 2026

ट्रेलर के पलटते ही उसमें लदी भारी मात्रा में गिट्टी सड़क पर फैल गई। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही धौडाड़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने तथा सड़क पर बिखरी गिट्टी की सफाई कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस की तत्परता से राहत एवं यातायात बहाली का कार्य शुरू हुआ। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।