पटना: नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कपड़ा कारोबारी की मौत हो गई। एनएच-20 बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित सरकारी बस ने बाइक सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत बिहार शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है, जो सोहसराय में कपड़े का व्यवसाय करते थे और परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार रविवार को कारोबार के सिलसिले में छबीलापुर गए थे। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, उसी दौरान पटना से बिहार शरीफ की ओर आ रही तेज रफ्तार सरकारी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बस के पहियों में फंस गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। अजीत कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, दो बेटियां और मां सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद मौके पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने सरकारी बस में तोड़फोड़ कर दी। हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बस में सवार यात्री भी वाहन छोड़कर अपने-अपने गंतव्य की ओर चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है और परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







