मुंगेर: बिहार के बेगूसराय जिले से एक अनोखी और पर्यावरण संदेश देने वाली शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। जहां आमतौर पर शादियों में लग्जरी गाड़ियों, बुलेट या हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल होता है, वहीं इस शादी में दूल्हा अपनी बारात लेकर बैलगाड़ी पर सवार होकर निकला।
यह अनोखी बारात बेगूसराय जिले के छौराही प्रखंड से शुरू होकर समस्तीपुर जिले के हसनपुर तक पहुंची। खास बात यह रही कि इस बारात में चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिषेक आनंद भी शामिल हुए और उन्होंने भी बैलगाड़ी पर बैठकर दूल्हे के साथ यात्रा की। 17 अप्रैल को आयोजित इस शादी में दूल्हा प्रिंस यादव, चंद्रकांत यादव के पुत्र हैं।
पूरी बारात को पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी से सजाया गया था, जिससे यह दृश्य और भी आकर्षक बन गया। विधायक के सहयोगी और अंगरक्षक भी इसी पारंपरिक यात्रा का हिस्सा बने। इस अनोखी पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है और इसे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला कदम बताया जा रहा है। विधायक के सहयोगी महेश कुशवाहा ने कहा कि यह पहल लोगों को इको-फ्रेंडली यातायात अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।







