पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज विधानसभा में अपना इस्तीफा देने वाले थे। लेकिन, अब आज वह इस्तीफा नहीं देंगे। उनके आज का यह कार्यक्रम अचानक रद्द हो गया। दरअसल अचानक उन्हें दिल्ली जाना पड़ गया। वह विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रविवार सुबह विधानसभा की ओर से यह जानकारी दी गई थी कि नितिन नवीन आज सुबह 8:40 में अपना इस्तीफा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत विधानसभा जाकर देंगे। रविवार होने के बावजूद विधानसभा कार्यालय खोल दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी निर्धारित समय पर विधानसभा के दफ्तर पहुंच गए।
इतना ही नहीं नितिन नवीन के समर्थक और भाजपा के कई नेता भी विधानसभा पहुंच गए थे, लेकिन अचानक नितिन नवीन के कार्यक्रम में बदलाव हो गया। इसके बाद वापस विधानसभा से यह जानकारी दी गई कि नितिन नवीन आज अपना इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नितिन नवीन राज्यसभा सदस्य के तौर पर निर्वाचित हुए हैं। दोनों को 30 मार्च तक अपना इस्तीफा देना है। नियम के अनुसार 14 दिन से अधिक एक व्यक्ति दो सदन का सदस्य नहीं रह सकता है। इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को विधानसभा से 30 मार्च तक इस्तीफा देना था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबंध में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह 30 मार्च को अपना इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन अब तक जदयू या विधानसभा की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर, नितिन नवीन के विधानसभा से इस्तीफा देने की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आज उन्होंने अपना इस्तीफा नहीं दिया और आकस्मिक किसी कारणों से वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर शपथ लेंगे। इसको लेकर राज्यसभा में भी साड़ी तैयारियां कर ली गई हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ निर्वाचित हुए रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार भी राज्यसभा में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण लेने की चर्चा 10 अप्रैल को जरुर है, लेकिन इसको लेकर अबतक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि जदयू और भाजपा के खेमों से इस बात की चर्चा जोरों पर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ लेंगे। फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।







