
दोपहर 1:15 बजे परिणाम का ऐलान, 1:30 बजे एक्टिव होगा डायरेक्ट लिंक
पटना : बिहार में आज का दिन लाखों छात्रों के लिए बेहद अहम होने वाला है। बिहार बोर्ड एक बार फिर देश में सबसे पहले मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी कर अपनी परंपरा को कायम रखने जा रहा है। जैसे-जैसे घड़ी की सुइयां आगे बढ़ रही हैं, वैसे-वैसे 15 लाख से अधिक परीक्षार्थियों की धड़कनें भी तेज होती जा रही हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक परीक्षा 2026 के रिजल्ट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष 15 फरवरी से 23 फरवरी के बीच आयोजित हुई परीक्षा में राज्यभर से करीब 15 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही छात्र अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इससे पहले बोर्ड ने 23 मार्च को इंटरमीडिएट (12वीं) का रिजल्ट जारी किया था, जिसके बाद से ही मैट्रिक के छात्रों की निगाहें अपने नतीजों पर टिक गई थीं।
अब आखिरकार वह क्षण आ गया है, जब छात्रों की मेहनत का परिणाम सामने आने वाला है। बोर्ड की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, आज दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर मैट्रिक का रिजल्ट आधिकारिक रूप से जारी किया जाएगा। परिणाम की घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार द्वारा की जाएगी। रिजल्ट जारी होते ही छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट.biharboardonline.org और matricbiharboard.com पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके लिए छात्रों को अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा। दोपहर 1:30 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजल्ट का डायरेक्ट लिंक भी एक्टिव कर दिया जाएगा, जिससे छात्रों को आसानी से अपना परिणाम देखने की सुविधा मिल सके। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र भी मौजूद रहेंगे और परिणाम से जुड़े आंकड़े साझा करेंगे।……….
टॉपर्स पर रहेगी खास नजर
हर साल की तरह इस बार भी मैट्रिक टॉपर्स को लेकर खास उत्साह देखने को मिलेगा। रिजल्ट के साथ ही टॉपर्स के नाम, उनके अंक और उनकी सफलता की कहानियां भी सार्वजनिक की जाएंगी। ये कहानियां न सिर्फ अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेंगी, बल्कि राज्य के शैक्षणिक माहौल को भी नई दिशा देंगी। इंतजार की घड़ी खत्म, कई महीनों की कड़ी मेहनत, तनाव और उम्मीदों के बाद अब छात्रों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। आज का दिन उनके भविष्य की दिशा तय करेगा। अभिभावकों से लेकर शिक्षकों तक, सभी की नजरें इस महत्वपूर्ण घोषणा पर टिकी हैं। अब बस कुछ ही पलों का इंतजार है… और फिर सामने होगा 15 लाख छात्रों की मेहनत का नतीजा।






