किशनगंज। रेलवे द्वारा लागू किए गए नए समय-निर्धारण के बावजूद हल्दीबाड़ी–बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15464) सोमवार को अपने पहले ही दिन निर्धारित समय से देरी से चलती नजर आई। इस वजह से रोजाना इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ट्रेन सुबह हल्दीबाड़ी से तय समय पर रवाना हुई थी, लेकिन आगे बढ़ते हुए कई स्टेशनों पर इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई और देरी बढ़ती चली गई। जलपाईगुड़ी, बेलाकोबा और न्यू जलपाईगुड़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन 15 से 45 मिनट तक विलंबित रही। इसके बाद सिलीगुड़ी जंक्शन, बागडोगरा और नक्सलबाड़ी में भी देरी का सिलसिला जारी रहा। ठाकुरगंज पहुंचते-पहुंचते ट्रेन लगभग 40 मिनट लेट हो चुकी थी और किशनगंज पहुंचने तक भी यही स्थिति बनी रही। यह ट्रेन इंटरसिटी सेवा होने के कारण इस रूट पर बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों और छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नए समय-निर्धारण के बाद यात्रियों को उम्मीद थी कि ट्रेन समय पर चलेगी, लेकिन पहले ही दिन की देरी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सिर्फ टाइम टेबल में बदलाव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। ट्रेन संचालन व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। लगातार देरी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और उन्हें अपने कार्यस्थल या शिक्षण संस्थानों तक समय पर पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेन संचालन को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानियों से बचा जा सके और यात्रियों को बेहतर सेवा मिल सके।







