Home बिहार गुरुग्राम से दरभंगा जा रही बस में लगी आग, यात्रियों ने खिड़की...

गुरुग्राम से दरभंगा जा रही बस में लगी आग, यात्रियों ने खिड़की तोड़कर बचाई जान

245
0
गुरुग्राम से दरभंगा जा रही बस में लगी आग, यात्रियों ने खिड़की तोड़कर बचाई जान

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गुरुग्राम से दरभंगा जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना बरौली थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास एनएच-27 पर हुई, जहां बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ‘शिव महिमा’ नामक बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था और सफर के दौरान बस कहीं नहीं रुकी थी। इसी बीच बस के पिछले हिस्से, चक्के के पास से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई। बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों का दम घुटने लगा। हालात बिगड़ते देख यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और बाहर निकलने लगे। कई यात्री घबराहट में सीधे सड़क पर कूद पड़े, जिससे एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना के दौरान एनएच-27 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। यदि आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि टूरिस्ट बसों के नाम पर लंबी दूरी की बसों में नियमों की अनदेखी की जा रही है। यात्रियों ने प्रशासन से सख्त जांच और कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

GNSU Admission Open 2026