मधुबनी। जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। बारात में शामिल होने जा रहे दो युवकों की रास्ते में ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र स्थित पौना मोड़ के पास रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धकजरी गांव निवासी 32 वर्षीय झमन राम और 40 वर्षीय अशोक नायक एक ही बाइक पर सवार होकर रहिका में आयोजित एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अरेर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर से बारात में जाने की तैयारी थी, वहां मातम छा गया। गांव में भी शोक की लहर है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







