Home झारखण्ड पतरातू में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्टल बरामद

पतरातू में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्टल बरामद

186
0
पतरातू में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्टल बरामद

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 9 एमएम का प्रतिबंधित पिस्टल बरामद किया गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 26 अप्रैल की रात करीब 8 बजे रामगढ़ पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र के सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तालाताड़ पंचायत स्थित सोलिया गांव में दबिश देकर अनीश अंसारी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से तुर्की निर्मित जिगाना कंपनी का 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि यह हथियार उसे एक आपराधिक गिरोह के सदस्य द्वारा रखने के लिए दिया गया था, जो हाल ही में एक फायरिंग की घटना में शामिल था। इस मामले में पतरातू थाना कांड संख्या 101/2026 के तहत आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि अनीश अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में पतरातू अंचल पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, पुलिस अवर निरीक्षक अफजल अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

GNSU Admission Open 2026