जमशेदपुर। देशभर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच बिजली उपभोक्ताओं को निशाना बनाने वाले ‘व्हाट्सऐप स्कैम’ को लेकर टाटा पावर ने अपने ग्राहकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। कंपनी ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध संदेश या लिंक पर भरोसा न करने की अपील की है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, हाल के दिनों में जालसाज उपभोक्ताओं को व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी जाती है या फिर केवाईसी अपडेट करने के नाम पर लिंक भेजे जाते हैं। जैसे ही कोई उपभोक्ता इन लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है और बैंक खाते से पैसे की चोरी का खतरा बढ़ जाता है। टाटा पावर ने स्पष्ट किया है कि वह कभी भी व्हाट्सऐप, एसएमएस, फोन कॉल या ईमेल के माध्यम से ग्राहकों से ओटीपी, बैंक डिटेल या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है। कंपनी ने सलाह दी है कि उपभोक्ता किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी या वित्तीय जानकारी साझा करें। कंपनी ने यह भी कहा है कि ग्राहक केवल आधिकारिक मोबाइल ऐप का ही उपयोग करें, जिसे Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड किया जाए। किसी अन्य स्रोत से मिले लिंक के जरिए ऐप डाउनलोड करना जोखिम भरा हो सकता है। अगर किसी उपभोक्ता को संदिग्ध संदेश मिलता है या कोई अनधिकृत लेनदेन होता है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और National Cyber Crime Portal पर शिकायत दर्ज करें। कंपनी ने कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।







