Home झारखण्ड गुवा में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का दौरा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं...

गुवा में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का दौरा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा

204
0
गुवा में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का दौरा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा

पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जिले के गुवा क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान गुवा रेलवे मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बेरोजगारी, ठेका मजदूरों की स्थिति और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में गुवा सेल खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों ने अपनी परेशानियां सामने रखीं। मजदूरों ने बताया कि उन्हें अचानक काम से हटा दिया गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस पर मधु कोड़ा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मजदूरों को पुनः काम पर बहाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्थानीय मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 5 मई को सेल के अंतर्गत कार्यरत निजी कंस्ट्रक्शन कंपनियों के मालिकों के साथ एक अहम बैठक की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य गुवा क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगार युवाओं और मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिलाना है। उन्होंने कहा कि बाहरी मजदूरों के बजाय स्थानीय लोगों को काम मिलने से क्षेत्र में बेरोजगारी कम होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस मौके पर भाजपा सारंडा मंडल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने मधु कोड़ा से क्षेत्र के समग्र विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने और मजदूरों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। कोड़ा ने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026