
बिहार में नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा श्रेणी Z+ से घटाकर Z कर दी गई है। यह निर्णय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किए गए खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया है। अब उनके साथ पहले की तुलना में कम सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को पहली बार Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके अलावा, मंत्री श्रवण कुमार को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। इन दोनों नेताओं की सुरक्षा में अब विशेष प्रबंध किए जाएंगे और उनके आवागमन व कार्यक्रमों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। गृह विभाग के अनुसार, सुरक्षा में यह बदलाव समय-समय पर किए जाने वाले नियमित आकलन का हिस्सा है, ताकि संभावित खतरों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाया जा सके। इससे पहले राज्य सरकार ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों—विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव—की सुरक्षा भी बढ़ाकर Z श्रेणी कर दी थी। सरकार का कहना है कि जिन नेताओं पर प्रशासनिक जिम्मेदारियां अधिक होती हैं, उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है।जानकारी के अनुसार, Z कैटेगरी की सुरक्षा देश में उच्च स्तर की मानी जाती है, जिसमें करीब 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इसमें पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान शामिल होते हैं, जो 24 घंटे सुरक्षा मुहैया कराते हैं।सरकार के इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।






