अलवर: राजस्थान में अलवर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। सुबह नौ बजे तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरे जिले का मौसम सुहाना हो गया।
बारिश के बाद तापमान गिरकर करीब 26 डिग्री सेल्सियस रह गया। पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल गये हैं। जिन किसानों ने पहले ही खरीफ फसलों की अगेती बुवाई कर दी थी, उनकी फसलों को इस बारिश से नया जीवन मिला है। कई किसान अब अच्छी बारिश के बाद खेतों में बुवाई की तैयारी में जुट गये हैं।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बारिश होने से बाजरा, ज्वार ग्वार और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। उधर, मौसम विभाग ने भी अलवर जिले के लिए अगले छह दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, जिले में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश से जलाशयों और बांधों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है, जिससे किसानों और आमजन दोनों को लाभ मिलेगा।







