दुबई: जापान ने 22 सितंबर को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 मैच के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग संभालेंगे।
जापान ने इस मुकाबले के लिए उन्हीं खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है, जो सितंबर के अंत में नागोया में होने वाले एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। आईसीसी के मुताबिक, टीम में ऐसे खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया है, जो टी-20 क्रिकेट के लिए योग्य हैं लेकिन एशियाई खेलों के नियमों के तहत पात्र नहीं हैं।
21 वर्षीय स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुडा-नायरन को पहली बार जापान की टीम में जगह मिली है। वहीं, 2023 में जापान के लिए तीन टी-20 मैच खेल चुके सुयोशी ताकाडा की टीम में वापसी हुई है।
केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग जापान के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 54 टी-20 पारियों में 1,871 रन बनाए हैं। वहीं, इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब के पास क्रमशः 56 और 54 टी-20 मैचों का अनुभव है।
टी-20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास में खास होगा। यह पहली बार है जब भारत और जापान की टीमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने होंगी। इस मैच के जरिए भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के आयोजनों की शुरुआत भी होगी।
यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला चरण होगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को बढ़ावा देना है, खासकर भारत की 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को ध्यान में रखते हुए।
जापान टीम: केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्ज़े, बेंजामिन इतो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोता, जेक कुसुडा-नायरन, वातारू मियाउची (विकेटकीपर), रियो सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, सुयोशी ताकाडा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तनियामा और लचलान यामामोटो-लेक।








