नोएडा: सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के होशियारपुर स्थित गली नंबर-2 में मंगलवार को इलेक्ट्रिकल सामान के गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गोदाम में फ्रिज, कूलर समेत बड़ी मात्रा में बिजली के उपकरण रखे थे, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका थी।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाया और उसे आसपास के इलाके में फैलने से रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, गोदाम मनीष शर्मा का बताया जा रहा है। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही अग्निकांड में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है।








