पटना: पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पुनपुन नदी के पुराने जमींदारी बांध की तत्काल मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।
सांसद ने पत्र में कहा कि पुनपुन नदी का पुराना जमींदारी बांध पिछले 25-30 वर्षों से मरम्मत के अभाव में जर्जर और कमजोर हो गया है। बांध की ऊंचाई भी पहले की तुलना में कम हो गई है, जिससे बाढ़ के दौरान इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।
रविशंकर प्रसाद के मुताबिक पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर बढ़ने पर बांध पर दबाव बढ़ जाता है। कई स्थानों पर बांध टूटने से बाढ़ का पानी आसपास के दर्जनों गांवों में फैल जाता है। उन्होंने फतुहा और पुनपुन नदी से जुड़े प्रभावित क्षेत्रों में बांध की मरम्मत के साथ उसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
सांसद ने गौरीचक-अलावलपुर-जमुनापुर मुख्य मार्ग की समस्या भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान यह सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती है। लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क की ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता है।
रविशंकर प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। उन्होंने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए दोनों मामलों में जल्द कार्रवाई की जरूरत बताई।








