इंडिया मोबाइल कांग्रेस में दिखेगी डिजिटल भविष्य की तस्वीर
A glimpse of the digital future will be seen at the India Mobile Congress.

नयी दिल्ली। देश की डिजिटल ताकत और प्रौद्योगिकी के भविष्य की झलक इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण में देखने को मिलेगी। नयी दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित होने वाले इस बड़े तकनीकी आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस अवसर पर वह कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों और प्रतिनिधियों को संबोधित भी करेंगे।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 का आयोजन “सीमाओं से परे विस्तार” थीम के साथ किया जा रहा है। इस दौरान 5जी और 6जी तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, साइबर सुरक्षा और क्वांटम कम्युनिकेशन जैसी उभरती तकनीकों पर विशेष चर्चा होगी।

GNSU Admission Open 2026

आयोजन में तकनीक के बदलते स्वरूप और उसके व्यावहारिक इस्तेमाल को भी प्रमुखता दी जाएगी। स्मार्ट मोबिलिटी, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, स्टेडियम एक्सपीरियंस और परिवहन तकनीक जैसे क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे यह समझने का अवसर मिलेगा कि आने वाले समय में परिवहन व्यवस्था, उद्योगों और मनोरंजन के क्षेत्र में तकनीक किस तरह नई संभावनाएं पैदा कर सकती है।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के एक लाख 50 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 500 से अधिक पार्टनर्स और एग्जिबिटर्स, 600 से ज्यादा स्टार्टअप और 900 से अधिक विचारकों की भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजन के दौरान दो हजार से अधिक तकनीकी यूज केस और 120 से ज्यादा सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। समय के साथ यह एशिया के प्रमुख डिजिटल प्रौद्योगिकी, मीडिया और दूरसंचार मंचों में शामिल हो गया है। यहां दूरसंचार कंपनियों, तकनीकी विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक साथ आने का अवसर मिलता है।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस को केवल मोबाइल और इंटरनेट से जुड़ी प्रदर्शनी के तौर पर नहीं देखा जाता। यह ऐसा मंच है जहां सरकार, उद्योग और तकनीकी विशेषज्ञ डिजिटल क्षेत्र की नई संभावनाओं, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर विचार करते हैं। आयोजन में प्रदर्शित तकनीक से यह भी समझने का अवसर मिलेगा कि नई डिजिटल क्षमताएं आम लोगों के जीवन, उद्योग और सेवाओं को किस तरह प्रभावित कर सकती हैं।