आरा। भोजपुर जिले के आरा में बुधवार को बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर बैठे प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। घटना चौकीपुर पासवान चौक की बताई जा रही है। गोलीबारी में राजू कुमार यादव, पिता अंगद यादव, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पेट और कमर में एक-एक गोली लगी जानकारी के अनुसार, राजू कुमार यादव घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकोन हॉस्पिटल रेफर किया गया। अस्पताल में ऑपरेशन कर दोनों गोलियां निकाल दी गईं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल राजू यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला न्यायालय में चल रहा है। उनका आरोप है कि केस वापस लेने के लिए लगातार धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने इसी विवाद को गोलीबारी की वजह बताया है। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।





