उज्जैन: मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित भगवान श्री मंगलनाथ मंदिर में भौम अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भात पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर प्रबंध समिति को एक ही दिन में चार लाख 82 हजार 500 रुपये की रिकॉर्ड आय प्राप्त हुई।
मंगलनाथ मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक के.के. पाठक ने बुधवार को बताया कि शिप्रा तट स्थित भगवान मंगलनाथ मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालु नियमित रूप से दर्शन और भात पूजन के लिए आते हैं। मंगलवार को भौम अमावस्या के अवसर पर प्रातःकालीन आरती के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे तक निर्धारित समयावधि में भात पूजन एवं अन्य पूजाओं के लिए श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ बनी रही।
उन्होंने बताया कि मंगलवार और भौम अमावस्या के दुर्लभ संयोग के कारण भूमि प्राप्ति, धन लाभ, शीघ्र विवाह, यश की प्राप्ति, मंगल दोष निवारण तथा विभिन्न रोगों से मुक्ति की कामना लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। प्रशासक पाठक के अनुसार श्रद्धालुओं द्वारा कराए गए पूजन-अनुष्ठानों से चार लाख 82 हजार 500 रुपये की आय प्राप्त हुई, जो मंदिर प्रबंध समिति के इतिहास में एक दिन की सर्वाधिक आय का नया रिकॉर्ड है।







