अंतर्राष्ट्रीय: भारत और ब्रिटेन के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देते हुए भारतीय वायुसेना (IAF) के तीन क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) को ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स (RAF) में तैनात किया गया है। ये भारतीय प्रशिक्षक वेल्स स्थित RAF वैली एयरबेस पर ब्रिटिश फास्ट-जेट पायलटों को उन्नत उड़ान प्रशिक्षण देंगे।
भारतीय वायुसेना के अनुसार, यह पहली बार है जब उसके QFI को ब्रिटेन में इस तरह की महत्वपूर्ण प्रशिक्षण जिम्मेदारी के लिए तैनात किया गया है। IAF ने इसे भारत-ब्रिटेन रक्षा सहयोग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच पेशेवर उत्कृष्टता, इंटरऑपरेबिलिटी और सैन्य संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का हिस्सा है। हाल के वर्षों में भारत और ब्रिटेन ने संयुक्त सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया है।
भारत और ब्रिटेन के नेताओं ने भी दोनों देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच द्विपक्षीय आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके तहत संयुक्त अभ्यास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विस्तार देने पर जोर दिया गया है।
दोनों देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई है। भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी के बीच कोंकण अभ्यास तथा ब्रिटेन के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के भारत दौरे जैसे कदमों से रक्षा साझेदारी को बढ़ावा मिला है।
भारतीय QFI की RAF में तैनाती को इसी व्यापक रक्षा साझेदारी की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे दोनों देशों के वायुसेनाओं के बीच प्रशिक्षण और पेशेवर अनुभव साझा करने के अवसर भी बढ़ेंगे।








