MLA submitted a memorandum to the DM regarding the solution of Sasaram's problems.

सासाराम। सासाराम के सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर डीएम को मांग पत्र सौंपा और नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की। मुलाकात के दौरान विधायक ने सासाराम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। खास तौर पर जलजमाव और जलनिकासी की समस्या पर चर्चा करते हुए विधायक ने नाला निर्माण कराने तथा पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत, किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता तथा डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही। विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने कहा कि जनता ने विकास और बदलाव की उम्मीद के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। इसलिए क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा। वहीं, डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मांग पत्र के आधार पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक समीक्षा और कार्रवाई कराने की बात कही। विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के स्तर से समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA