Home राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, RPF-GRP और...

स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, RPF-GRP और डॉग स्क्वाड ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

31
0
Prayagraj railway station on high alert ahead of Independence Day; RPF-GRP and dog squad conduct intensive checking drive

प्रयागराज: स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए प्रयागराज रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया।

RPF प्रभारी अमित मीणा और GRP प्रभारी अकलेश सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा टीमों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, रेलवे यार्ड, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश और निकास द्वार, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रतीक्षालयों का निरीक्षण किया।

GNSU Admission Open 2026

डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध गतिविधियों और संभावित विस्फोटक सामग्री की तलाश की गई। इस दौरान यात्रियों के सामान की जांच करने के साथ स्टेशन परिसर में मौजूद संदिग्ध लोगों पर भी विशेष नजर रखी गई। सुरक्षा टीमों ने लावारिस और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश में भी व्यापक जांच की।

सुरक्षा जांच के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या आपत्तिजनक वस्तु के मिलने की जानकारी नहीं है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत RPF या GRP को दें।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर प्रयागराज रेलवे स्टेशन समेत अन्य प्रमुख रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। RPF, GRP और अन्य सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा को देखते हुए आने वाले दिनों में भी ऐसे जांच अभियान जारी रहेंगे।