Home बिहार Bihar Weather Update: कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें...

Bihar Weather Update: कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल

183
0
Bihar Weather Update: Somewhere there is intense heat and somewhere there is alert of storm and rain, know the condition of your district

पटना: बिहार के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। रोहतास, कैमूर, समेत कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। आज भी यही स्थिति रहने के आसार हैं। हालांकि, उत्तर पूर्वी और पूर्वी बिहार का मौसम का थोड़ा बदल गया है। मिथिला, कोसी सीमांचल और अंग प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार रात को आंधी बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। पटना, बक्सर, रोहतास, कैमूर, गया समेत कई जिलों में गर्मी ने काफी परेशान किया। हालांकि पटना में मध्य रात्रि से ठंडी हवा चलने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। आज मौसम विभाग ने कोसी सीमांचल के इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

एक दिन पहले यानी शनिवार रात को पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, सहरसा दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर समेत कुछ जिलों में बारिश हुई थी। बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। बारिश के आंकड़ों के अनुसार, अमौर और कोचाधामन में सबसे ज्यादा 15.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा किशनगंज में 11.4 मिमी, बैसा में 6.2 मिमी, बहादुरगंज में 5.0 मिमी, जोकीहाट और फारबिसगंज में 4.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान भी अगले 2-3 दिनों तक लगभग स्थिर रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है और दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर जारी रह सकता है।

GNSU Admission Open 2026

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में कैमूर (भभुआ) में 41.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस से 41.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी इलाकों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो छपरा में सबसे कम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस से 28.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दक्षिण-मध्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। हालांकि, कोसी, सीमांचल, मिथिला और अंग के जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज भी इन इलाकों में कम गर्मी पड़ने के आसार हैं।